Tuesday, June 30, 2026

ज़िंदगी से जंग हार गया बोरवेल में गिरा 4 साल का निरवैर… आखिर कब सीखेंगे हम?

 चार साल का मासूम निरवैर अपने पिता के साथ खेत में अपने दादा जी को खाना देने गया था। उसे क्या पता था कि यह दिन उसकी ज़िंदगी का आख़िरी दिन बन जाएगा। 


वह न किसी से वैर रखता था, न किसी से कोई शिकायत। उसका नाम भी निरवैर था और उसका मासूम स्वभाव भी। फिर आखिर उसके साथ ऐसा क्यों हुआ?

जब यह खबर सामने आई कि हरियाणा के अंबाला जिले के गांव धनौरा में एक चार वर्षीय बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया है, तो पूरे इलाके के साथ-साथ देशभर के लोगों की निगाहें उसी ओर टिक गईं। हर कोई भगवान से यही प्रार्थना कर रहा था कि किसी तरह यह मासूम सुरक्षित बाहर आ जाए।

बोरवेल के आसपास हजारों लोगों की भीड़ जमा थी। NDRF, SDRF और प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी थीं। मशीनें चल रही थीं, सुरंग खोदी जा रही थी, अधिकारी पूरी कोशिश कर रहे थे। लेकिन दूसरी ओर ज़मीन पर बैठे उसके पिता, माँ और दादा की आँखों में सिर्फ एक उम्मीद थी—कोई आकर बस इतना कह दे, "चिंता मत करो... निरवैर सुरक्षित बाहर आ गया है।"

उनके कान केवल यही एक वाक्य सुनने के लिए तरस रहे थे।

सच कहूँ, मैं भी उन लाखों लोगों में शामिल था जो लगातार सोशल मीडिया पर हर छोटी-बड़ी अपडेट देख रहे थे। रात को कार्यालय से लौटने के बाद देर रात तक नींद नहीं आई। बार-बार मोबाइल उठाकर यही देखता रहा कि शायद कोई अच्छी खबर मिल जाए।

रात के दो-तीन बजे भी जब नींद खुली, तो सबसे पहले हाथ मोबाइल की ओर गया। मन में यही उम्मीद थी कि शायद अब तक निरवैर बाहर आ चुका होगा। लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी।

सुबह जब आँख खुली तो मोबाइल उठाने से पहले ही दिल घबराने लगा। डर था कि कहीं कोई बुरी खबर न पढ़नी पड़ जाए। रात में ही रेस्क्यू टीमों ने संकेत देना शुरू कर दिया था कि बोरवेल में पानी भरने के कारण बच्चे के बचने की संभावना बहुत कम होती जा रही है।

और वही हुआ, जिसका डर था।

करीब 21 घंटे की कठिन मशक्कत के बाद निरवैर को बोरवेल से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसका शरीर तो बाहर आ गया, पर उसकी मासूम साँसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं।

यह समाचार पढ़कर आँखें नम हो गईं। बार-बार यही सोचता रहा कि उस मासूम ने उन 21 घंटों में क्या-क्या सहा होगा। तंग पाइप में फँसा हुआ, ऊपर से गिरता पानी, अंधेरा, घुटन... यह कल्पना मात्र ही मन को विचलित कर देती है।

सोशल मीडिया पर जब उसकी बोरवेल के अंदर की तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे थे, तो उन्हें देखकर मन रो पड़ता था। फिर भी उम्मीद नहीं टूट रही थी कि शायद कोई चमत्कार हो जाए।

खेत में हजारों लोग मौजूद थे, लेकिन उस एक मासूम की जान बचाने के सामने सब खुद को असहाय महसूस कर रहे थे।

आज सवाल केवल एक परिवार का नहीं है।

सवाल यह है कि आखिर खुले बोरवेल अब भी क्यों छोड़ दिए जाते हैं?

देश अंतरिक्ष में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। हम चाँद और मंगल तक पहुँचने की बातें करते हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और आधुनिक तकनीकों पर गर्व करते हैं। लेकिन क्या हम आज भी एक मासूम बच्चे को ओपन बोरवेल से नहीं निकाला जा सकता?

तकनीक पर गर्व करना अच्छी बात है, लेकिन उससे भी बड़ा काम है ऐसी दुर्घटनाओं को होने से रोकना।

हर साल न जाने कितने बच्चे खुले बोरवेल में गिरकर अपनी जान गंवा देते हैं। हर हादसे के बाद कुछ दिनों तक चर्चा होती है, फिर सब भूल जाते हैं। लेकिन जिन परिवारों के घरों के चिराग बुझ जाते हैं, उनके लिए यह दर्द कभी खत्म नहीं होता।

यह केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है।

जिस खेत में बोरवेल हो, उसे सुरक्षित ढकना मालिक का कर्तव्य है। प्रशासन को भी ऐसे खुले बोरवेलों की पहचान कर उन्हें तुरंत बंद करवाना चाहिए। यदि कोई लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई और निरवैर इस तरह अपनी जान न गंवाए।

निरवैर अब वापस नहीं आएगा।

उसकी मासूम मुस्कान, उसकी बातें, उसके सपने सब अधूरे रह गए।

ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह मासूम निरवैर सिंह की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उसके माता-पिता तथा पूरे परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

एक मासूम चला गया, लेकिन उम्मीद है कि उसकी यह दर्दनाक कहानी समाज को जगाएगी।

क्योंकि एक खुला बोरवेल केवल एक गड्ढा नहीं होता, वह किसी परिवार की पूरी दुनिया निगल सकता है।

Saturday, June 27, 2026

झुलसती धूप और ठंडी पड़ती इंसानियत

 जिंदगी हर रोज़ कोई बड़ा किस्सा नहीं सुनाती। कई बार एक साधारण-सा दिन भी हमें ऐसे अनुभव दे जाता है, जो देर तक मन में घूमते रहते हैं। कभी गर्मी परेशान करती है, कभी किसी अनजान इंसान का व्यवहार, तो कभी एक छोटा-सा बीस रुपये का नोट हमें इंसानियत का असली मतलब सोचने पर मजबूर कर देता है। यह भी ऐसा ही एक दिन था, जो आम होते हुए भी मेरे लिए खास बन गया। 




आज सुबह जब मेरी आँख खुली तो घड़ी में सात बज रहे थे। बाहर अभी शांति थी। मैंने सोचा, "थोड़ी देर और सो लेता हूँ।" पता ही नहीं चला कि कब फिर से नींद आ गई।

दुबारा आँख खुली तो नौ बज चुके थे। बाहर सूरज पूरी तरह अपना कब्जा जमा चुका था। धूप की तपिश कमरे के अंदर तक महसूस हो रही थी। हालांकि कमरे में कूलर चल रहा था, जिसकी ठंडी हवा गर्मी के प्रकोप को कुछ हद तक कम कर रही थी, लेकिन बाहर निकलने का ख्याल ही मन को बेचैन कर रहा था।

सोचा कि अब और देर नहीं करनी चाहिए। नहाकर तैयार हुआ। नाश्ता भी करना था और अगर ज्यादा देर हो जाती तो धूप और भी तेज़ हो जाती। गर्मियों की दोपहर में बाहर निकलना ऐसा लगता है, जैसे कोई अंगारों पर चल रहा हो।

मैं पैदल ही चाय पीने के लिए निकल पड़ा। सिर पर पड़ती धूप की गर्मी पूरे शरीर में उतरती महसूस हो रही थी। सड़क के किनारे लगे पेड़ों की छाया से होकर गुजर रहा था, लेकिन उन पेड़ों की छांव भी गर्म हवा को रोक नहीं पा रही थी।

थोड़ी देर बाद मैं अपनी रोज़ वाली चाय की दुकान पर पहुँच गया। चाय वाले ने भी एक पेड़ के नीचे अपनी छोटी-सी टपरी लगा रखी थी, लेकिन उस पेड़ की शाखाएँ इतनी घनी नहीं थीं कि अच्छी छाया दे सकें। वहाँ खड़े होने और सीधी धूप में खड़े होने में बहुत ज्यादा फर्क महसूस नहीं हो रहा था।

मैंने एक कुल्हड़ चाय मंगवाई और साथ में एक मठी भी ले ली। गर्म चाय का हर घूंट जैसे शरीर की थकान मिटा रहा था। चाय खत्म करके मैं वापस लौटने लगा।

तभी मेरी नजर सड़क किनारे लगे एक टेंट पर पड़ी। वहाँ ठंडे पानी की छबील लगाने की तैयारी चल रही थी। मन हुआ कि थोड़ी देर बाद वापस आकर ठंडा पानी जरूर पियूँ। लेकिन अभी तैयारी पूरी नहीं हुई थी, इसलिए मैं कमरे पर लौट आया।

करीब दो घंटे बाद फिर से मैं उसी जगह पहुँचा। इस बार अपनी बाइक लेकर गया था, क्योंकि लौटते समय पेट्रोल भी डलवाना था।

पहले छबील का ठंडा पानी पिया। उस भीषण गर्मी में ठंडे पानी का एक गिलास किसी अमृत से कम नहीं लग रहा था।

इसके बाद मैं सीधे पेट्रोल पंप पहुँच गया। बाइक में पेट्रोल भरवाया और पैसे देने लगा। मेरी जेब में एक बीस रुपये का नोट था, जिसका एक कोना हल्का-सा जला हुआ था।

पेट्रोल पंप के कर्मचारी ने नोट देखते ही कहा, "ये नोट नहीं चलेगा।"

मैंने समझाने की कोशिश की, "भाई, सिर्फ कोना ही तो जला है। ये नोट मुझे भी कहीं से मिला है। ऐसे छोटे नोट तो हर जगह चल जाते हैं।"

लेकिन उसने साफ मना कर दिया। बात बहस तक पहुँच गई। मैंने कहा, "अगर आपको भरोसा नहीं है तो अपने मैनेजर से बात करवा दीजिए।"

मैनेजर भी आ गया, लेकिन उसने भी वही बात दोहरा दी कि यह नोट स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उस समय मेरे पास दूसरा कोई पैसा भी नहीं था। वैसे तो मैं ऑनलाइन भुगतान कर सकता था, लेकिन पता नहीं क्यों उस समय मेरा मन ही बदल गया। शायद बात अब पैसों की नहीं, व्यवहार की हो चुकी थी।

मैंने कहा, "अगर नोट नहीं ले सकते, तो फिर बाइक से पेट्रोल ही वापस निकाल लीजिए।"

मेरी बात सुनकर शायद उन्हें भी एहसास हुआ कि मामला जरूरत से ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने कहा, "कोई बात नहीं... आप कल आकर दूसरे पैसे दे जाना।"

मैं बिना कुछ बोले वहाँ से लौट आया।

रास्ते भर मेरे मन में एक ही बात घूमती रही। मैं रोज़ उसी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाता हूँ। अब तो वहाँ के लोग मुझे पहचानने भी लगे हैं। लेकिन सिर्फ बीस रुपये के लिए जिस तरह का व्यवहार हुआ, उसने मन को कहीं न कहीं दुखी कर दिया।

मुझे उस जले हुए नोट से ज्यादा तकलीफ उस बदले हुए रवैये से हुई। आज के समय में पैसों की कीमत शायद रिश्तों और विश्वास से भी ज्यादा हो गई है। एक छोटा-सा नोट किसी की नीयत नहीं बताता, लेकिन इंसान का व्यवहार जरूर बहुत कुछ बता देता है।

कमरे पर लौटकर मैंने फिर से कूलर चला दिया। बाहर की झुलसाती गर्मी और अंदर की उधेड़बुन, दोनों ही मन को बेचैन कर रही थीं। पता नहीं कब इन्हीं सोचों के बीच आँख लग गई।

जब नींद खुली तो घड़ी में तीन बजने वाले थे। ऑफिस जाने का समय हो चुका था। जल्दी-जल्दी कपड़े बदले, बाइक उठाई और फिर रोज़ की तरह अपनी जिम्मेदारियों की ओर निकल पड़ा।

लेकिन उस दिन की गर्मी और वो बीस रुपये का नोट... दोनों आज भी याद हैं।



जिंदगी में अक्सर बड़ी घटनाएँ नहीं, बल्कि ऐसे छोटे-छोटे अनुभव हमें बहुत कुछ सिखा जाते हैं। उस दिन मुझे एहसास हुआ कि इंसान की पहचान उसके पैसों से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार से होती है। शायद बीस रुपये का नोट बदला जा सकता है, लेकिन किसी का टूटा हुआ विश्वास इतनी आसानी से नहीं जुड़ता।

Monday, June 22, 2026

बचपन की वो अनमोल दुनिया

 इस दुनिया में शायद ही कोई ऐसा इंसान होगा जो अपने बचपन को भूलना चाहे। बचपन ज़िंदगी का वह खूबसूरत हिस्सा होता है, जहाँ न भविष्य की चिंता होती है और न ही जिम्मेदारियों का बोझ। उस समय हम बड़े होने के सपने देखते हैं, सोचते हैं कि कब स्कूल से छुटकारा मिलेगा, कब माता-पिता की डांट से आज़ादी मिलेगी। लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, एहसास होता है कि ज़िंदगी के सबसे खूबसूरत और बेफिक्र दिन तो वही थे, जो बचपन में बीत गए। 


आज जब पीछे मुड़कर देखता हूँ, तो लगता है कि बचपन किसी सुनहरी कहानी की तरह था, जो कब शुरू हुई और कब खत्म हो गई, पता ही नहीं चला।


घर के आँगन में जहाँ थोड़ी-सी भी खाली जगह मिल जाती थी, हम उसे खेल का मैदान बना लेते थे। ज़मीन में छोटा-सा गड्ढा खोदकर कंचे खेलने बैठ जाते थे। कंचों की छोटी-छोटी बोतलें और डिब्बियाँ भरना किसी खज़ाने को इकट्ठा करने जैसा लगता था। हर नया कंचा जीतने पर जो खुशी मिलती थी, वह आज किसी बड़ी चीज़ को खरीदने पर भी नहीं मिलती।

गाँव के नीम के पेड़ हमारे खेलों के साथी हुआ करते थे। उनकी शाखाओं पर चढ़कर "पील पलंगड़ा" खेलना, एक डाल से दूसरी डाल पर कूदना और फिर शाम तक वहीं मस्ती करना आम बात थी। उस समय न गिरने का डर होता था और न चोट लगने की चिंता। बस खेल ही हमारी दुनिया हुआ करता था।

हमारे खेल भी कितने अनोखे हुआ करते थे—गुल्ली-डंडा, खो-खो, पकड़म-पकड़ाई, लुक-मचाई, ऊँच-नीच, कंचे और पुराने साइकिल के टायर को डंडे से घुमाते हुए पूरे गाँव की गलियों में दौड़ना। उन खेलों के नाम भी आज सुनकर मुस्कान आ जाती है।

"लुकजो-छिपजो कनक का दाणा, टोहा न पाणा..."

यह पंक्ति सुनते ही जैसे पूरा बचपन आँखों के सामने घूम जाता है। आज के बच्चों ने शायद इन खेलों के नाम भी नहीं सुने होंगे, क्योंकि उनकी दुनिया मोबाइल और वीडियो गेम तक सिमट कर रह गई है।


गाँव की लड़कियाँ भी अपने अलग खेल खेलती थीं। किकली डालना, गीत गाना, गीटे खेलना और घंटों तक हँसते-खेलते रहना उनके बचपन की पहचान थी। पूरा गाँव जैसे बच्चों की हँसी से गूंजता रहता था।

दोपहर की गर्मी भी हमें घर में नहीं रोक पाती थी। माँ बार-बार आवाज़ लगाती थीं कि धूप बहुत तेज़ है, बाहर मत जाओ, लेकिन जैसे ही उन्हें नींद आती, हम फिर से बाहर खेलने निकल पड़ते। उस समय धूप भी जैसे हमारी दोस्त हुआ करती थी।


बरसात का मौसम तो हमारे लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता था। गाँव के जोहड़ पानी से लबालब भर जाते थे। हम खेतों की मेड़ों पर दौड़ते, अमरूद तोड़ने निकल जाते और कीचड़ में फिसल-फिसलकर हँसते रहते।

भैंसों को पानी पिलाने के लिए जोहड़ में ले जाना भी किसी रोमांच से कम नहीं था। कई बार उनकी पीठ पर बैठकर पानी में उतर जाते और खुद भी तैरने लगते। जिस पानी में भैंसें नहाती थीं, उसी में हम भी घंटों मस्ती करते रहते।

बरसात के दिनों में एक और डर साथ चलता था—जोंक का। कई बार जोंक टांगों से चिपक जाती थी। तब जेब में रखा नमक काम आता था। नमक डालते ही जोंक छूट जाती और हम फिर से खेल में लग जाते।


स्कूल से छुट्टी होने के बाद भैंसों को चराने ले जाना भी रोज़मर्रा का हिस्सा था। रास्ते में जामुन के पेड़ मिलते तो उन पर चढ़कर जामुन तोड़ना शुरू कर देते। कई बार बड़े-बुज़ुर्ग डराते थे कि जामुन के पेड़ पर भूत रहता है। हम भी कुछ देर के लिए डर जाते, लेकिन जामुन खाने का लालच डर से बड़ा होता था।

आज सोचता हूँ तो लगता है कि शायद खेतों के मालिक बच्चों को पेड़ों पर चढ़ने से रोकने के लिए ऐसी कहानियाँ बनाया करते थे।


आँधी और तूफान भी हमारे लिए किसी रोमांच से कम नहीं होते थे। जैसे ही तेज़ हवा चलती, गाँव के बच्चे सड़क पर दौड़ पड़ते। आँधी में किक्कर और अन्य पेड़ों की सूखी लकड़ियाँ टूटकर गिरती थीं। हम उन्हें इकट्ठा करके घर लाते थे। जिस दिन ज्यादा लकड़ियाँ मिल जातीं, उस दिन घर वालों से शाबाशी भी मिलती थी।


गाँव के कच्चे घरों की अपनी अलग कहानी थी। बरसात शुरू होते ही छतों से पानी टपकना आम बात थी। घर में बाल्टियाँ, डोलू और बर्तन रख दिए जाते थे ताकि पानी फर्श पर न फैले। कई बार बारिश के बीच ही छत पर चढ़कर उस जगह को मिट्टी से बंद करना पड़ता था, जहाँ से पानी अंदर आ रहा होता था।

आज भी गाँवों में कुछ कच्चे घर हैं, जहाँ बारिश आने से पहले छतों पर नया गारा लगाया जाता है। यह परंपरा अब भी कहीं-कहीं ज़िंदा है।


छुट्टी वाले दिन तो जैसे समय का कोई हिसाब ही नहीं होता था। सुबह घर से निकलते और दोपहर को सिर्फ खाना खाने आते। फिर शाम तक खेलते रहते। न मोबाइल था, न इंटरनेट और न ही किसी तरह की चिंता। खुशियाँ छोटी थीं, लेकिन दिल बहुत बड़ा था।

आज जब ज़िंदगी जिम्मेदारियों, काम और भागदौड़ में उलझ गई है, तब अक्सर मन उन दिनों में लौट जाना चाहता है। उन दिनों में जहाँ न कोई तनाव था, न कोई जल्दबाज़ी। सिर्फ दोस्त थे, खेल थे, बारिश थी, खेत थे और ढेर सारी मासूम खुशियाँ थीं।

बचपन एक ऐसा खज़ाना है, जिसकी कीमत हमें उसके बीत जाने के बाद समझ आती है। उसकी यादें उम्र भर हमारे साथ रहती हैं और जीवन की कठिन राहों में मुस्कुराने का बहाना बनती हैं।

मैं अपने बचपन को कभी नहीं भूल सकता। उसकी हर याद आज भी मेरे दिल में वैसे ही बसी हुई है जैसे किसी पुराने संदूक में रखी अनमोल धरोहर। सच कहूँ तो बचपन की यादें इतनी हैं कि उन्हें एक लेख में समेटना संभव ही नहीं।

बाकी यादें फिर कभी साझा करेंगे...

क्योंकि बचपन की कहानी कभी खत्म नहीं होती, वह तो उम्र भर हमारे साथ चलती रहती है।

सोशल मीडिया: सुविधा भी, जिम्मेदारी भी


आज के दौर में सोशल मीडिया हमारी ज़िंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुका है। सुबह आंख खुलते ही मोबाइल हाथ में आ जाता है और रात को सोने से पहले भी आखिरी नज़र अक्सर फेसबुक, व्हाट्सऐप या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ही जाती है। यदि किसी दिन इंटरनेट बंद हो जाए, तो ऐसा महसूस होने लगता है जैसे हमारी दिनचर्या का कोई महत्वपूर्ण हिस्सा अधूरा रह गया हो। मन बार-बार यही सोचता रहता है कि पता नहीं फेसबुक पर क्या नया आया होगा, व्हाट्सऐप पर कौन-सा संदेश आया होगा या दुनिया में क्या नया हो रहा होगा। 

तकनीक ने इंसान की ज़िंदगी को पहले से कहीं अधिक आसान और तेज़ बना दिया है। आज घर बैठे दुनिया भर की जानकारी कुछ ही सेकंड में मिल जाती है। लेकिन सवाल यह है कि क्या हम उस जानकारी को समझने और परखने की कोशिश भी करते हैं? या फिर जो कुछ भी हमारी स्क्रीन पर दिखाई देता है, उसे बिना सोचे-समझे सच मान लेते हैं?


जानकारी का सागर या भ्रम का जाल

सोशल मीडिया एक ऐसा माध्यम है जो हमें दुनिया के हर कोने से जोड़ देता है। कोई घटना हो, कोई खबर हो या कोई जानकारी, वह कुछ ही मिनटों में लाखों लोगों तक पहुंच जाती है। लेकिन समस्या तब शुरू होती है जब लोग किसी भी जानकारी की सच्चाई जांचे बिना उसे आगे बढ़ाने लगते हैं।

मान लीजिए किसी शहर का एक लड़का कुछ घंटों के लिए घर से बाहर चला जाता है। उसके दोस्त उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर डाल देते हैं और लिख देते हैं कि यह लड़का लापता है। लोग भावुक होकर उस पोस्ट को शेयर करना शुरू कर देते हैं। कुछ ही घंटों में वह पोस्ट हजारों लोगों तक पहुंच जाती है।

शाम को वह लड़का सुरक्षित घर लौट आता है, लेकिन सोशल मीडिया की दुनिया में उसकी "गुमशुदगी" की खबर जिंदा रहती है। महीनों बाद भी लोग उसी पोस्ट को शेयर करते रहते हैं। नतीजा यह होता है कि जब भी वह कहीं दिखाई देता है, कोई न कोई उसे पहचान कर घर पहुंचाने की कोशिश करने लगता है। यह घटना भले ही हास्यास्पद लगे, लेकिन यह दिखाती है कि बिना सत्यापन के किसी जानकारी को फैलाने के क्या परिणाम हो सकते हैं।


दिखावे की इंसानियत

आजकल अक्सर देखा जाता है कि किसी को रास्ते में किसी व्यक्ति के जरूरी दस्तावेज़ मिल जाएं तो उनकी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दी जाती है। साथ में लिखा जाता है—"इस पोस्ट को इतना शेयर करें कि यह अपने असली मालिक तक पहुंच जाए।"

यह सुनने में अच्छा लगता है, लेकिन क्या वास्तव में यही सबसे सही तरीका है?

अधिकतर दस्तावेज़ों पर व्यक्ति का नाम और पता लिखा होता है। यदि किसी की सचमुच मदद करनी है तो उन दस्तावेज़ों को डाक के माध्यम से उसके पते पर भेजा जा सकता है या संबंधित विभाग में जमा करवाया जा सकता है। लेकिन आजकल लोगों को मदद से ज्यादा सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखना पसंद है। असली मदद की जगह "शेयर" और "लाइक" ने ले ली है।


लाइक और शेयर की दुनिया

सोशल मीडिया ने लोगों को अपनी राय रखने का मंच दिया है, लेकिन कई बार यह मंच जिम्मेदारी की बजाय भावनाओं का खेल बन जाता है। किसी भी घटना पर लोग बिना पूरी जानकारी जाने अपने विचार व्यक्त करने लगते हैं। कभी धर्म के नाम पर बहस होती है, कभी राजनीति के नाम पर विवाद और कभी किसी अफवाह को सच मानकर लोगों में डर फैलाया जाता है।

कई बार ऐसा लगता है कि लोग वास्तविक जीवन से अधिक आभासी दुनिया में सक्रिय हो गए हैं। किसी घटना पर दुख व्यक्त करना हो तो पोस्ट डाल दी जाती है, श्रद्धांजलि देनी हो तो एक तस्वीर साझा कर दी जाती है और समाज सेवा करनी हो तो केवल एक स्टेटस लगा दिया जाता है।

लेकिन क्या केवल पोस्ट डाल देने से हमारी जिम्मेदारी पूरी हो जाती है?


सोशल मीडिया का दूसरा पहलू

यह भी सच है कि सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग भी बहुत होता है। इसके माध्यम से लोग शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रहे हैं, दूर बैठे परिजनों से जुड़े हुए हैं और कई जरूरतमंद लोगों तक सहायता भी पहुंचाई जा रही है।

समस्या सोशल मीडिया में नहीं है, बल्कि उसके गलत उपयोग में है। जैसे कोई वाहन हमें मंजिल तक पहुंचा सकता है, लेकिन लापरवाही से चलाने पर दुर्घटना का कारण भी बन सकता है, वैसे ही सोशल मीडिया भी हमारे लिए वरदान और अभिशाप दोनों बन सकता है।

यदि हम इसका उपयोग ज्ञान, जागरूकता और सकारात्मकता फैलाने के लिए करें तो यह समाज को बेहतर बना सकता है। लेकिन यदि इसका उपयोग अफवाह, नफरत और झूठ फैलाने के लिए किया जाए तो यह लोगों के बीच दूरियां बढ़ाने का कारण बन सकता है।


सोचिए, समझिए और फिर साझा कीजिए

आज जरूरत इस बात की है कि हम सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर जानकारी को आंख बंद करके सच न मानें। किसी भी खबर, तस्वीर या संदेश को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सच्चाई जांचें। यदि कोई जानकारी समाज में भ्रम या तनाव पैदा कर सकती है, तो उसे साझा करने से बचें।

याद रखिए, एक गलत पोस्ट हजारों लोगों को प्रभावित कर सकती है। एक अफवाह किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकती है और एक झूठी खबर समाज में नफरत फैला सकती है।

सोशल मीडिया का इस्तेमाल जरूर कीजिए, लेकिन समझदारी और जिम्मेदारी के साथ।



इंटरनेट और सोशल मीडिया ने दुनिया को पहले से कहीं ज्यादा करीब ला दिया है। लेकिन हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि तकनीक के इस युग में इंसानियत, विवेक और जिम्मेदारी पीछे न छूट जाए।

किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले एक बार जरूर सोचें—क्या यह सच है? क्या इससे किसी को नुकसान तो नहीं होगा? क्या मैं वास्तव में किसी की मदद कर रहा हूँ या सिर्फ एक पोस्ट को आगे बढ़ा रहा हूँ?

अगर हम सभी इस छोटी-सी बात का ध्यान रखें, तो सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और बेहतर बनाने का एक सशक्त माध्यम बन सकता है।

Saturday, June 6, 2026

125 साल से कैद एक रहस्यमयी पेड़: "अंडर अरेस्ट ट्री"

 दुनिया में आपने जेल में बंद लोगों के बारे में तो बहुत सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी किसी पेड़ को जेल में बंद होने की कहानी सुनी है? 


सुनने में यह बात किसी फिल्म या लोककथा जैसी लगती है, लेकिन यह एक वास्तविक घटना है। पाकिस्तान में एक ऐसा पेड़ मौजूद है, जो पिछले लगभग 125 वर्षों से "गिरफ्तार" है। उसके चारों ओर आज भी भारी जंजीरें बंधी हुई हैं और उसके पास एक बोर्ड लगा है जिस पर लिखा है—

"I Am Under Arrest" (मैं गिरफ्तार हूँ)।

यह अनोखा पेड़ आज दुनिया भर के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है। आइए जानते हैं इसकी हैरान कर देने वाली कहानी।

एक पेड़ की गिरफ्तारी

यह पेड़ पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लांडी कोटल क्षेत्र में स्थित है। यह इलाका कभी ब्रिटिश शासन के अधीन हुआ करता था।

कहानी वर्ष 1898 की बताई जाती है। उस समय एक ब्रिटिश अधिकारी जेम्स स्क्विड इलाके का निरीक्षण कर रहा था। कहा जाता है कि वह शराब के नशे में था। रात के समय जब वह इस पेड़ के पास से गुजरा तो उसे लगा कि पेड़ उसकी तरफ बढ़ रहा है।

नशे की हालत में उसे ऐसा महसूस हुआ जैसे यह पेड़ उसका पीछा कर रहा हो।

गुस्से में आकर उसने अपने सैनिकों को आदेश दिया—

"इस पेड़ को तुरंत गिरफ्तार कर लो!"

सैनिकों के लिए अधिकारी का आदेश ही कानून था। उन्होंने पेड़ के चारों ओर लोहे की जंजीरें बांध दीं और उसे वहीं "कैद" कर दिया।

125 साल बाद भी जंजीरों में कैद

सबसे हैरानी की बात यह है कि ब्रिटिश शासन समाप्त हुए भी कई दशक बीत चुके हैं, लेकिन यह पेड़ आज भी उन्हीं जंजीरों में जकड़ा हुआ है। 


समय के साथ पेड़ बड़ा होता गया, उसकी शाखाएं फैलती गईं, लेकिन जंजीरें उसके साथ ही बनी रहीं।

आज भी जो पर्यटक वहां पहुंचते हैं, वे उस पेड़ को जंजीरों में बंधा देखकर हैरान रह जाते हैं।

पेड़ के पास लगा बोर्ड लोगों का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींचता है, जिस पर लिखा है—

"I Am Under Arrest"

मानो पेड़ खुद अपनी कहानी सुना रहा हो।

इतिहास की एक निशानी

कई लोग इस घटना को सिर्फ एक मजेदार कहानी मानते हैं, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए यह पेड़ ब्रिटिश शासन की मनमानी और औपनिवेशिक अहंकार का प्रतीक है।
उनका मानना है कि अगर उस दौर में एक पेड़ को भी गिरफ्तार किया जा सकता था, तो आम लोगों के साथ कैसा व्यवहार होता होगा।
इसी वजह से स्वतंत्रता के बाद भी इन जंजीरों को नहीं हटाया गया।
उन्हें इतिहास की एक यादगार निशानी के रूप में सुरक्षित रखा गया है।

इतिहासकारों के बीच इस बात को लेकर अलग-अलग मत हैं। कुछ लोग इसे वास्तविक घटना मानते हैं, जबकि कुछ का कहना है कि समय के साथ इस कहानी में लोककथाओं का रंग भी जुड़ गया है।

लेकिन एक बात पूरी तरह सच है—

पेड़ आज भी वहां मौजूद है, जंजीरों में बंधा हुआ।

और यही बात इसे दुनिया के सबसे अनोखे पेड़ों में शामिल करती है।

इंसानों और प्रकृति का रिश्ता

यह कहानी केवल एक पेड़ की नहीं है। यह हमें सोचने पर मजबूर करती है कि इंसान कभी-कभी अपने अहंकार में कितने अजीब फैसले ले सकता है।
एक पेड़, जो न बोल सकता है, न चल सकता है, न किसी को नुकसान पहुंचा सकता है, उसे भी सजा दे दी गई।
शायद यही कारण है कि यह पेड़ आज भी खड़ा होकर हमें इतिहास की एक अनोखी कहानी सुनाता है।
दुनिया में कई ऐतिहासिक इमारतें, स्मारक और संग्रहालय हैं, लेकिन पाकिस्तान का यह "अंडर अरेस्ट ट्री" कुछ अलग ही कहानी बयां करता है।

यह पेड़ सिर्फ लकड़ी, पत्तियों और शाखाओं का समूह नहीं है, बल्कि इतिहास का एक जीवित गवाह है।
125 साल से जंजीरों में खड़ा यह पेड़ हमें याद दिलाता है कि समय बीत जाता है, सरकारें बदल जाती हैं, लेकिन इतिहास की कुछ कहानियां हमेशा जीवित रहती हैं।
और शायद इसी वजह से आज भी दुनिया भर के लोग इस "कैदी पेड़" को देखने के लिए दूर-दूर से आते हैं।

Friday, June 5, 2026

मेरे हिस्से अगर संघर्ष है, तो मेरे हिस्से जीत भी होगी


ज़िंदगी कभी भी एक सी नहीं रहती। कभी रास्ते आसान होते हैं, तो कभी हर कदम पर मुश्किलें खड़ी मिलती हैं। कई बार ऐसा लगता है कि जैसे संघर्ष ही हमारी किस्मत बन गया हो। मेहनत करते रहो, कोशिश करते रहो, फिर भी मंज़िल दूर दिखाई देती है। लेकिन ऐसे समय में खुद को एक बात जरूर याद दिलानी चाहिए— 


"अगर मेरे हिस्से संघर्ष है, तो मेरे हिस्से जीत भी होगी।"

क्योंकि प्रकृति का नियम है कि रात के बाद सुबह आती है, और हर कठिनाई के बाद राहत भी मिलती है।

संघर्ष ही इंसान को तराशता है

सोना जब तक आग में नहीं तपता, तब तक उसकी चमक नहीं निखरती। पत्थर जब तक छेनी और हथौड़े की चोटें नहीं सहता, तब तक वह सुंदर मूर्ति नहीं बनता। ठीक इसी तरह इंसान भी संघर्षों से गुजरकर ही मजबूत बनता है।

हम अक्सर दूसरों की सफलता देखते हैं, लेकिन उनके संघर्ष नहीं देखते। हमें उनकी मंज़िल दिखाई देती है, लेकिन वह रास्ता नहीं दिखता जिस पर चलकर वे वहां पहुंचे हैं।

हर सफल इंसान की कहानी में संघर्ष का एक लंबा अध्याय होता है। फर्क सिर्फ इतना है कि उन्होंने हार मानने की बजाय चलते रहने का फैसला किया।

जब सब कुछ गलत होता हुआ लगे

ज़िंदगी में कुछ पल ऐसे आते हैं जब लगता है कि अब कुछ भी ठीक नहीं होगा। मेहनत का फल नहीं मिलता, उम्मीदें टूटने लगती हैं, और मन बार-बार हार मानने को कहता है।

लेकिन अक्सर वही समय हमारी असली परीक्षा का समय होता है।

जब रास्ते बंद दिखाई दें, तब भी आगे बढ़ते रहना ही हिम्मत है।

जब कोई साथ न दे, तब भी अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखना ही साहस है।

और जब पूरी दुनिया कहे कि तुम नहीं कर सकते, तब खुद से कहना—

"मैं कोशिश करता रहूंगा, क्योंकि मेरी कहानी अभी खत्म नहीं हुई है।"

वक्त हमेशा एक जैसा नहीं रहता

अगर आज आपके जीवन में संघर्ष है, तो यह मत सोचिए कि यही आपकी पूरी कहानी है।
समय बदलता है।
मौसम बदलते हैं।
हालात बदलते हैं।
और इंसान की किस्मत भी बदलती है।
जिस तरह गर्मी के बाद बारिश आती है, और सूखे खेत फिर से हरे हो जाते हैं, उसी तरह संघर्ष के दिन भी हमेशा नहीं रहते।
जो आज कठिन लग रहा है, वही कल आपकी सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।

हार और जीत के बीच का अंतर

हारने वाले और जीतने वाले में सबसे बड़ा अंतर प्रतिभा का नहीं, बल्कि धैर्य का होता है।
हारने वाला व्यक्ति कुछ असफलताओं के बाद रुक जाता है।
लेकिन जीतने वाला हर गिरावट के बाद फिर से उठ खड़ा होता है।
वह जानता है कि मंज़िल तक पहुंचने का रास्ता सीधा नहीं होता।
उसमें ठोकरें भी होती हैं, मोड़ भी होते हैं, और कभी-कभी लंबा इंतजार भी करना पड़ता है।
लेकिन जो चलता रहता है, वह एक दिन मंज़िल तक पहुंच ही जाता है।

खुद पर विश्वास रखिए

कई बार लोग आपका साथ छोड़ देंगे।
कई बार आपके अपने भी आपकी बात नहीं समझेंगे।
कई बार आपको लगेगा कि आपकी मेहनत बेकार जा रही है।
लेकिन ऐसे समय में खुद पर भरोसा मत खोइए।
याद रखिए, पेड़ अपनी जड़ों की ताकत से खड़ा रहता है, तालियों की आवाज़ से नहीं।
इसी तरह इंसान भी अपने आत्मविश्वास से आगे बढ़ता है, दूसरों की स्वीकृति से नहीं।
अगर आज आपकी जिंदगी में संघर्ष है, तो निराश मत होइए।
हो सकता है कि ईश्वर आपको किसी बड़ी मंज़िल के लिए तैयार कर रहा हो।
हो सकता है कि आज जो कठिन रास्ता आप चल रहे हैं, वही कल आपकी सफलता की कहानी बने।

इसलिए चलते रहिए।
सीखते रहिए।
गिरिए, संभलिए और फिर आगे बढ़िए।
क्योंकि एक बात बिल्कुल तय है—

"अगर मेरे हिस्से संघर्ष है, तो मेरे हिस्से जीत भी होगी।"

और जब वह जीत मिलेगी, तब आपको अपने हर संघर्ष पर गर्व होगा।

Thursday, June 4, 2026

त्रिशंकु: वह राजा जो स्वर्ग तो पहुंच गया, लेकिन स्वर्ग में रह नहीं पाया

भारतीय पौराणिक कथाओं में अनेक ऐसे राजा, ऋषि और वीर योद्धा हुए हैं, जिनकी कहानियां आज भी लोगों को आश्चर्यचकित कर देती हैं। इनमें से कुछ कहानियां हमें जीवन की सीख देती हैं, तो कुछ हमारी कल्पना को एक नई उड़ान देती हैं। आज हम आपको एक ऐसे ही राजा की कहानी बताने जा रहे हैं, जिसकी इच्छा इतनी अनोखी थी कि वह हजारों वर्षों बाद भी लोगों की जुबान पर है। 

यह कहानी है राजा त्रिशंकु की। एक ऐसे राजा की, जिसने मृत्यु के बाद नहीं, बल्कि जीवित रहते हुए अपने शरीर सहित स्वर्ग जाने का सपना देखा था। लेकिन उसकी यह इच्छा उसे ऐसी स्थिति में ले गई, जहां न वह धरती का रहा और न ही स्वर्ग का।

कौन थे राजा त्रिशंकु?

पौराणिक ग्रंथों के अनुसार राजा त्रिशंकु सूर्यवंश के एक प्रतापी और शक्तिशाली राजा थे। उनका वास्तविक नाम सत्यव्रत बताया जाता है। वे एक समृद्ध राज्य के शासक थे और उनके पास किसी भी प्रकार की कमी नहीं थी।

लेकिन कभी-कभी इंसान के पास सब कुछ होने के बावजूद उसका मन कुछ ऐसा पाने की इच्छा कर बैठता है, जो सामान्य नियमों से परे होता है। राजा त्रिशंकु के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।

उनके मन में एक अनोखी इच्छा जागी कि वे अपने जीवित शरीर सहित स्वर्ग जाएं।

आज हमें यह बात सामान्य कहानी जैसी लग सकती है, लेकिन उस समय यह कल्पना भी असंभव मानी जाती थी। धर्म और प्रकृति के नियमों के अनुसार मृत्यु के बाद ही आत्मा स्वर्ग या अन्य लोकों में जाती है। शरीर तो धरती पर ही रह जाता है।

लेकिन त्रिशंकु ने ठान लिया था कि उन्हें अपने शरीर के साथ ही स्वर्ग जाना है।

जब ऋषियों ने मना कर दिया

राजा अपनी इच्छा लेकर महान ऋषि वशिष्ठ के पास पहुंचे। उन्होंने विनम्रता से कहा कि ऐसा यज्ञ किया जाए, जिससे वे जीवित ही स्वर्ग पहुंच सकें।

महर्षि वशिष्ठ ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। उनका मानना था कि यह प्रकृति और ईश्वर द्वारा बनाए गए नियमों के विरुद्ध है।

लेकिन त्रिशंकु अपनी इच्छा छोड़ने को तैयार नहीं थे। उन्होंने कई बार प्रयास किया, पर उन्हें सफलता नहीं मिली।

जब सभी रास्ते बंद होते दिखाई दिए, तब वे महर्षि विश्वामित्र के पास पहुंचे।

विश्वामित्र का संकल्प

महर्षि विश्वामित्र अत्यंत तपस्वी और शक्तिशाली ऋषि थे। उन्होंने राजा की बात सुनी और उनकी इच्छा पूरी करने का निश्चय किया।

एक विशाल यज्ञ का आयोजन किया गया। मंत्रों और तपबल के प्रभाव से राजा त्रिशंकु धीरे-धीरे आकाश की ओर उठने लगे।

कल्पना कीजिए उस दृश्य की—एक जीवित मनुष्य अपने शरीर सहित धरती छोड़कर स्वर्ग की ओर बढ़ रहा है।

राजा की वर्षों पुरानी इच्छा अब पूरी होती दिखाई दे रही थी।

स्वर्ग के द्वार पर अस्वीकार

जब त्रिशंकु स्वर्ग के निकट पहुंचे, तब देवताओं के राजा इंद्र ने उन्हें रोक दिया। 


इंद्र का कहना था कि प्रकृति के नियमों के विरुद्ध किसी मनुष्य को शरीर सहित स्वर्ग में प्रवेश नहीं दिया जा सकता।

उन्होंने त्रिशंकु को वापस धरती की ओर धकेल दिया।

अब त्रिशंकु तेजी से नीचे गिरने लगे।

कहते हैं कि गिरते समय उन्होंने महर्षि विश्वामित्र को पुकारा और सहायता मांगी।

त्रिशंकु स्वर्ग की रचना

विश्वामित्र ने अपने तपबल से त्रिशंकु को बीच आकाश में ही रोक दिया।

कथा के अनुसार उन्होंने क्रोधित होकर एक नया स्वर्ग बनाने का संकल्प कर लिया। उन्होंने नए नक्षत्रों और नए लोकों की रचना शुरू कर दी।

आखिरकार देवताओं और विश्वामित्र के बीच समझौता हुआ। तय हुआ कि त्रिशंकु न तो धरती पर लौटेंगे और न ही स्वर्ग में प्रवेश करेंगे।

वे आकाश के बीच में ही स्थापित कर दिए गए।

यहीं से जन्म हुआ उस प्रसिद्ध कहावत का, जिसे आज हम "त्रिशंकु स्वर्ग" कहते हैं।

त्रिशंकु स्वर्ग का अर्थ

आज भी यदि कोई व्यक्ति दो परिस्थितियों के बीच फंस जाए, जहां न उसे पुरानी जगह मिले और न नई जगह स्वीकार करे, तो लोग कहते हैं कि वह "त्रिशंकु स्वर्ग" में लटका हुआ है।

हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में भी ऐसी स्थितियां अक्सर आती हैं।

कई बार कोई व्यक्ति नौकरी छोड़ देता है लेकिन नई नौकरी नहीं मिलती। कोई गांव छोड़ देता है लेकिन शहर में भी पूरी तरह नहीं बस पाता। कोई पुरानी राह छोड़ देता है लेकिन नई मंजिल तक नहीं पहुंच पाता।

ऐसी हर स्थिति में त्रिशंकु की कहानी याद आ जाती है।

इस कहानी से क्या सीख मिलती है?

राजा त्रिशंकु की कथा केवल एक पौराणिक घटना नहीं है। यह हमें कई गहरी बातें भी सिखाती है।

सबसे पहली बात यह कि इच्छाएं रखना गलत नहीं है, लेकिन इच्छाओं और जिद में अंतर होता है।

दूसरी बात यह कि प्रकृति और जीवन के कुछ नियम ऐसे होते हैं जिन्हें केवल इच्छा शक्ति से नहीं बदला जा सकता।

और तीसरी बात यह कि कभी-कभी अत्यधिक महत्वाकांक्षा हमें ऐसी स्थिति में पहुंचा देती है, जहां हम न आगे बढ़ पाते हैं और न पीछे लौट पाते हैं।

राजा त्रिशंकु की कहानी भारतीय पौराणिक इतिहास की सबसे रोचक और रहस्यमयी कथाओं में से एक है। एक राजा जिसने स्वर्ग तक पहुंचने का सपना देखा, लेकिन अंत में धरती और स्वर्ग के बीच ही अटक गया।

आज हजारों साल बाद भी जब कोई व्यक्ति दो राहों के बीच फंसा होता है, तो त्रिशंकु का नाम याद किया जाता है।

यही किसी कथा की सबसे बड़ी सफलता होती है कि वह समय की सीमाओं को पार करके पीढ़ियों तक लोगों के मन में जीवित रहे।

राजा त्रिशंकु की कहानी भी ऐसी ही एक अमर कथा है, जो हमें बताती है कि जीवन में संतुलन, धैर्य और विवेक उतने ही आवश्यक हैं जितने सपने और महत्वाकांक्षाएं।

Wednesday, June 3, 2026

जब तक चल रहे हो, तब तक हारे नहीं हो

 ज़िंदगी कभी भी एक सी नहीं रहती। कभी धूप होती है, कभी छांव। कभी सफलता हमारे कदम चूमती है, तो कभी असफलताएं हमारा रास्ता रोकने की कोशिश करती हैं। लेकिन एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए—मुश्किल समय हमारी मंज़िल नहीं, बल्कि हमारी परीक्षा होता है। 


हम सभी अपनी ज़िंदगी में ऐसे दौर से गुजरते हैं, जब लगता है कि सब कुछ हमारे खिलाफ हो रहा है। मेहनत करने के बाद भी परिणाम नहीं मिलते। जिन लोगों पर भरोसा होता है, वही कभी-कभी साथ छोड़ जाते हैं। सपने बड़े होते हैं, लेकिन हालात छोटे पड़ जाते हैं। उस समय मन कहता है कि अब बस, बहुत हो गया। लेकिन वही पल हमारी असली ताकत को पहचानने का अवसर भी होते हैं।

सोचिए, अगर किसान बीज बोने के बाद अगले ही दिन खेत खोदकर देखने लगे कि फसल क्यों नहीं उगी, तो क्या उसे कभी फसल मिलेगी? नहीं। उसे धैर्य रखना पड़ता है। बारिश का इंतज़ार करना पड़ता है। मौसम की मार भी सहनी पड़ती है। तभी जाकर खेत सुनहरी फसल से भरता है।

हमारी ज़िंदगी भी कुछ ऐसी ही है। आज जो संघर्ष आप कर रहे हैं, वही कल आपकी सफलता की कहानी बनेगा। जो व्यक्ति गिरने के बाद उठना सीख जाता है, उसे दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।

अक्सर हम दूसरों की सफलता देखकर दुखी हो जाते हैं। हमें लगता है कि सब लोग आगे निकल गए और हम पीछे रह गए। लेकिन याद रखिए, हर इंसान का सफर अलग होता है। किसी की मंज़िल जल्दी आ जाती है, किसी की देर से। महत्वपूर्ण यह नहीं है कि आप कितनी तेजी से चल रहे हैं, महत्वपूर्ण यह है कि आप रुक नहीं रहे।

ज़िंदगी में कई बार ऐसा लगता है कि हमारी मेहनत बेकार जा रही है। लेकिन मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। वह या तो सफलता देती है या अनुभव। और अनुभव वह शिक्षक है जो हमें दोबारा वही गलती नहीं करने देता।

जब भी मन निराश हो, अपने बीते हुए दिनों को याद कीजिए। कितनी मुश्किलें थीं जिन्हें आपने पार किया। कितने ऐसे पल थे जब लगा था कि अब कुछ नहीं हो सकता, लेकिन फिर भी समय बदला और रास्ते बने। अगर आप तब संभल गए थे, तो आज भी संभल जाएंगे।

याद रखिए, अंधेरा कभी स्थायी नहीं होता। सूरज को उगने से कोई नहीं रोक सकता। ठीक उसी तरह आपकी मेहनत, आपका धैर्य और आपका विश्वास भी एक दिन रंग जरूर लाएगा।

इसलिए सपने देखना मत छोड़िए। कोशिश करना मत छोड़िए। गिरने से मत डरिए। अगर गिरोगे नहीं तो उठना कैसे सीखोगे?

एक दिन ऐसा जरूर आएगा जब आप पीछे मुड़कर देखेंगे और कहेंगे—

"अच्छा हुआ मैंने हार नहीं मानी।"

अगर आज आपकी राह कठिन है, तो समझ लीजिए कि आप किसी बड़ी मंज़िल की ओर बढ़ रहे हैं। संघर्ष से मत घबराइए, क्योंकि पतंग हमेशा हवा के खिलाफ उड़ती है, हवा के साथ नहीं।

चलते रहिए, सीखते रहिए, और विश्वास रखिए—आपकी कहानी का सबसे सुंदर अध्याय अभी लिखा जाना बाकी है।

Tuesday, June 2, 2026

मेले वाली जिद और बचपन की मुस्कान

 बचपन और मेले का रिश्ता शायद उतना ही पुराना है जितना गांवों की परंपराएं। मेले का नाम सुनते ही बच्चों की आंखों में चमक आ जाती है। उन्हें ना भीड़ की परवाह होती है, ना धूप की और ना थकान की। उनके लिए मेला मतलब खिलौने, झूले, मिठाइयां और ढेर सारी खुशियां। जब हम छोटे थे, तब मेले में जाने के लिए जिद किया करते थे। आज अपने बच्चों को देखकर लगता है कि समय बदल गया है, लेकिन बच्चों की मासूमियत बिल्कुल नहीं बदली।  


19 अक्टूबर 2018 को दशहरे का दिन था। गांव में मेले की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू हो चुकी थीं। सुबह मैं अभी सो ही रहा था कि मेरा बेटा अक्षित उठकर बैठ गया। उसे पता था कि आज स्कूल की छुट्टी है और मेले का दिन भी।

उठते ही उसने अपनी पहली फरमाइश रख दी—"पापा, मुझे मेले में जाना है और खिलौना लेना है।"

मैंने उसे समझाया कि अभी सुबह है, दुकानें भी नहीं लगी होंगी। लेकिन बच्चों को तर्क कहां समझ आते हैं। थोड़ी देर चुप रहता, फिर आकर वही बात दोहरा देता।

"पापा, चलो ना... खिलौना लेकर आते हैं।"

समय बीतता गया। सुबह से दोपहर होने लगी, लेकिन उसकी जिद कम होने का नाम नहीं ले रही थी। आखिरकार जब वह बार-बार वही बात दोहराने लगा तो मुझे थोड़ा सख्त होना पड़ा। वह कुछ देर के लिए चुप तो हो गया, लेकिन उसके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था कि उसने अपनी मांग छोड़ी नहीं है

मैं कमरे में जाकर लेट गया। थोड़ी देर बाद अक्षित भी वहीं आकर बैठ गया। वह कुछ बोल नहीं रहा था, लेकिन उसकी हर हरकत बता रही थी कि वह अभी भी मुझसे नाराज़ है।

पास में मेरा बैग रखा हुआ था। उसने धीरे-धीरे बैग खोलना शुरू कर दिया। फिर उसमें रखे कपड़े और सामान एक-एक करके बाहर निकालने लगा। कुछ देर में पूरा सामान कमरे में बिखरा पड़ा था।

जब मैं उसकी तरफ देखता तो वह अपना चेहरा दूसरी तरफ घुमा लेता। कभी बैग के पीछे छिप जाता, कभी चुपचाप बैठ जाता। यह उसका विरोध जताने का तरीका था।

मुझे उस पर गुस्सा भी आ रहा था और हंसी भी। मन ही मन सोच रहा था कि बच्चे भी अपनी बात मनवाने के कितने अनोखे तरीके ढूंढ़ लेते हैं।

दोपहर बाद मेरे ताऊ जी ने कहा कि पास के गांव जनसुई में कुश्तियों का आयोजन है, वहां चलना चाहिए। उन्हें कुश्तियां देखने का बहुत शौक था।

हम बाइक निकालकर चलने लगे तो सबसे पहले अक्षित दौड़कर आया और बाइक पर सबसे आगे बैठ गया। जैसे उसे डर हो कि कहीं उसे पीछे ना छोड़ दिया जाए।

करीब दस मिनट बाद हम मेले में पहुंच गए। वहां लोगों की भारी भीड़ थी। अखाड़े में कुश्तियां चल रही थीं और चारों तरफ मेले की रौनक फैली हुई थी।

लेकिन अक्षित का ध्यान कुश्तियों में कहां था।

कुछ ही देर बाद उसने कहा, "पापा, भूख लगी है।"

मैं समझ गया कि उसे भूख खाने की नहीं, खिलौनों की लगी हुई है।

मैं उसे लेकर खिलौनों की दुकानों की तरफ निकल गया। दुकानें रंग-बिरंगे खिलौनों से भरी हुई थीं।

पहले उसने एक हेलीकॉप्टर देखा। उसे बहुत पसंद आया। लेकिन वह धागे से चलने वाला था और कीमत भी ज्यादा थी। मैंने उसे समझाया कि यह ज्यादा दिन नहीं चलेगा।

फिर उसकी नजर एक रिमोट वाली कार पर पड़ी। उसने कहा कि यही चाहिए।

मैंने उसे याद दिलाया कि घर पर ऐसी कार पहले से है। दुकानदार ने भी बताया कि बस डिजाइन अलग है, काम वही है। काफी समझाने के बाद वह मान गया।

लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी थी।

वह मुझे एक दुकान से दूसरी दुकान और दूसरी से तीसरी दुकान तक घुमाता रहा। उसे याद था कि किस दुकान पर कौन-सा खिलौना रखा था। मैं थक गया था, लेकिन उसके उत्साह में कोई कमी नहीं आई थी।

आखिरकार उसे "मोटू-पतलू" वाला एक खिलौना पसंद आ गया। कीमत भी ठीक थी और वह उसे देखकर बहुत खुश था।

खिलौना खरीदने के बाद मैंने उससे पूछा, "अंजलि के लिए भी कुछ ले लें?"

उसने तुरंत कहा, "उसके लिए गुड़िया ले लो। उसने मुझसे कहा था कि मेरे लिए भी लेकर आना।"

हमने एक छोटी सी गुड़िया भी खरीद ली।

बाद में घर पहुंचकर उसने हंसते हुए बताया कि अंजलि ने तो उससे कुछ कहा ही नहीं था। उसने खुद ही सोचा कि बहन के लिए भी कुछ ले जाना चाहिए।

उसकी यह बात सुनकर मुझे उसकी समझदारी पर प्यार आ गया।

इसके बाद हमने आइसक्रीम खाई और मेले में घूमते रहे। रास्ते में भांजा विजय और दूसरे रिश्तेदार भी मिल गए। वे गोलगप्पे खा रहे थे।

मैंने भी एक गोलगप्पा खाया, लेकिन उसका पानी बिल्कुल फीका लगा। गांव के मेलों का मजा वैसे भी खाने से ज्यादा माहौल में होता है।

शाम ढलने लगी थी। कुश्तियां समाप्त हो चुकी थीं और लोग रावण दहन वाली जगह की तरफ बढ़ने लगे थे।

हमने काफी देर तक अपने ताऊ जी को ढूंढ़ा। जब वे नहीं मिले तो हमें लगा कि शायद वे पैदल ही गांव की तरफ निकल गए होंगे।

घर लौटते समय मैंने पकौड़े खरीदे। जब मैं उन्हें पैक करवा रहा था तो अक्षित ने कहा,

"पापा, मुझे नहीं खाने, मुझे भूख नहीं है।"

मैंने हंसते हुए कहा, "ये तेरे लिए नहीं, घर वालों के लिए हैं।"

इतना सुनते ही उसने कहा, "फिर एक मुझे भी दे दो।"

मैंने एक गरम पकौड़ा उसके हाथ में रख दिया। उसने जल्दी-जल्दी खाने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ से छूटकर नीचे गिर गया।

उसका चेहरा देखने लायक था।

कुछ देर बाद रास्ते में ताऊ जी मिल गए और हम उन्हें साथ लेकर घर पहुंच गए।

रात को गांव में रावण दहन हुआ। आतिशबाजी हुई, भीड़ जमा हुई और दशहरे का दिन खत्म हो गया।

आज जब उस दिन को याद करता हूं तो मेले की भीड़, कुश्तियां, खिलौनों की दुकानें या रावण दहन से ज्यादा एक चीज याद आती है—अक्षित का वह मासूम चेहरा।

सुबह से शाम तक उसकी वही एक जिद, "पापा, मेले में चलो।"

उसकी मिन्नतें, उसकी नाराज़गी, बैग का सामान बिखेरना और फिर खिलौना मिलने के बाद चेहरे पर लौट आई मुस्कान—ये सब याद करके आज भी हंसी आ जाती है।

शायद यही बचपन की सबसे बड़ी खूबसूरती है। छोटी-छोटी चीजों में इतनी बड़ी खुशियां ढूंढ़ लेना, जो बड़े होने पर कहीं खो जाती हैं।

Monday, June 1, 2026

बारिश की बूंदें और तीज की यादें


गांव की ज़िंदगी में हर मौसम अपने साथ कुछ खास यादें लेकर आता है, लेकिन सावन का महीना कुछ अलग ही होता था। गर्मियों की तपती दोपहरों के बाद जब आसमान में काले बादल उमड़ने लगते थे और पहली बारिश की बूंदें मिट्टी को छूती थीं, तो पूरे गांव का माहौल बदल जाता था। खेतों में हरियाली लौट आती थी, पेड़ों की टहनियां झूमने लगती थीं और लोगों के चेहरों पर भी एक अलग ही रौनक दिखाई देने लगती थी। लेकिन सावन की सबसे बड़ी पहचान होती थी – तीज का त्योहार और पेड़ों पर पड़ने वाले झूले। 


जुलाई-अगस्त का महीना शुरू होते ही गांव में तीज की तैयारियां शुरू हो जाती थीं। बरसात के कारण चारों तरफ हरियाली छा जाती थी। आम, नीम, पीपल और बरगद के बड़े-बड़े पेड़ों की मजबूत डालियों पर रस्सियों के झूले डाल दिए जाते थे।

सुबह से लेकर शाम तक झूलों पर लड़कियों और बच्चों की भीड़ लगी रहती थी। कोई धीरे-धीरे झूलता था, तो कोई आसमान को छू लेने की कोशिश करता था। झूले के साथ-साथ हंसी की आवाजें पूरे गांव में गूंजती रहती थीं। ऐसा लगता था जैसे सावन अपने साथ खुशियों की पूरी बारात लेकर आया हो।

तीज का त्योहार सिर्फ एक त्योहार नहीं होता था, बल्कि बेटियों के लिए अपने बचपन से दोबारा मिलने का बहाना भी होता था। शादीशुदा बेटियां अपने मायके आने का इंतजार करती थीं। कई दिन पहले ही संदेश भेज दिए जाते थे कि तीज पर घर जरूर आना।

जब कोई बेटी अपने मायके पहुंचती थी, तो घर का माहौल ही बदल जाता था। मां की आंखों में खुशी दिखाई देती थी, भाई बहन के लिए बाजार से मिठाई और चूड़ियां लाता था और पिता जी बार-बार पूछते थे कि रास्ते में कोई परेशानी तो नहीं हुई।

कुछ दिन के लिए ही सही, लेकिन मायका फिर से बचपन की तरह जीवंत हो उठता था।

सावन के दिनों में महिलाएं और लड़कियां एक जगह इकट्ठा होकर तीज के गीत गाती थीं। ढोलक की थाप पर गाए जाने वाले लोकगीतों की अपनी ही मिठास होती थी।

शाम के समय गांव के किसी बड़े आंगन या चौपाल में महिलाएं बैठ जाती थीं। गीतों में कभी ससुराल की बातें होती थीं, कभी मायके की यादें और कभी सावन की मस्ती। उन गीतों में गांव की संस्कृति और जीवन की सादगी दोनों दिखाई देती थीं।

आज मोबाइल और इंटरनेट के दौर में शायद वो सामूहिक बैठकों की परंपरा कम हो गई है, लेकिन जिन लोगों ने वो समय देखा है, उनके लिए वे यादें आज भी ताजा हैं।

हम बच्चों के लिए तो सावन किसी त्योहार से कम नहीं होता था। बारिश शुरू होते ही घर से बाहर भाग जाते थे। कभी बारिश में भीगना, कभी खेतों की मेड़ों पर दौड़ लगाना और कभी कीचड़ में फिसल जाना।

कई बार तो मां डांटती थी कि बीमार पड़ जाओगे, लेकिन उस समय इन बातों की कहां परवाह होती थी। बारिश का पानी, मिट्टी की खुशबू और दोस्तों का साथ ही हमारी दुनिया हुआ करता था।

गांव के जोहड़ों में पानी भर जाता था। भैंसें पानी में बैठी रहती थीं और हम भी उनके आसपास खेलते रहते थे। गर्मियों और सावन के दिन जैसे बचपन की सबसे सुंदर यादों का हिस्सा बन गए थे।

गर्मियों के दिनों में जब तेज धूप पड़ती थी, तब हर कोई बारिश का इंतजार करता था। खेत सूखे दिखाई देते थे, पेड़ों के पत्ते मुरझाए से लगते थे। लेकिन जैसे ही सावन आता था, पूरी प्रकृति बदल जाती थी।

खेतों में नई फसल की उम्मीद जागती थी। किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आती थी। गांव की गलियों में भी पहले से ज्यादा चहल-पहल दिखाई देने लगती थी।

सावन सिर्फ मौसम नहीं था, बल्कि उम्मीदों और खुशियों का महीना था।

आज भी तीज का त्योहार मनाया जाता है, लेकिन पहले जैसी बात कहीं-कहीं ही देखने को मिलती है। बड़े-बड़े पेड़ों की संख्या कम हो गई है, झूले भी कम दिखाई देते हैं और रिश्तों में भी पहले जैसी फुर्सत नहीं रही।

फिर भी जब कभी सावन की पहली बारिश होती है, तो मन अनायास ही उन पुराने दिनों में पहुंच जाता है। झूलों की पींगें, तीज के गीत, मायके आई बहनों की हंसी और मिट्टी की खुशबू सब कुछ फिर से आंखों के सामने घूमने लगता है।

सावन और तीज सिर्फ त्योहार नहीं थे, बल्कि रिश्तों को जोड़ने वाले अवसर थे। यह वह समय था जब बेटियां मायके आती थीं, परिवार एक साथ बैठता था और गांव खुशियों से भर जाता था। शायद इसी वजह से आज भी सावन का नाम सुनते ही मन में एक अलग ही मिठास घुल जाती है।

वक्त बदल गया है, लेकिन सावन की वो यादें आज भी दिल के किसी कोने में झूला झूल रही हैं।

उम्मीद का दीया

  एक घर में पाँच दीये जल रहे थे।  उनकी रोशनी से पूरा घर जगमगा रहा था। हर दीया अपने भीतर एक अलग संदेश और एक अलग भावना लिए हुए था। पहला दीया उ...