आजकल शादी की बात शुरू होते ही हमारे दिमाग में बड़े-बड़े बैंक्वेट हॉल, डीजे और रेडीमेड मिठाइयों की तस्वीर आती है। लेकिन एक समय था, जब गांवों में शादी की शुरुआत लड्डू के कड़ाहे से होती थी। जैसे ही बड़े-बड़े कड़ाहे घर के आंगन में उतरते, पूरे गांव को पता चल जाता—“यहां शादी है!” वो सिर्फ एक रस्म नहीं थी, बल्कि पूरे गांव की खुशियों का आगाज होता था।
शादी की शुरुआत – कड़ाहा और हलवाई
गांवों में शादी का असली माहौल तब बनता था, जब हलवाई अपने बर्तन और कड़ाहे लेकर घर पहुंचता था। जिस घर के बाहर कड़ाहा दिख जाए, समझो वहां शादी तय है।
हलवाई के आते ही शादी की तैयारियां शुरू हो जाती थीं। वो 4-5 दिन पहले ही आकर अपना काम शुरू कर देता था—लड्डू, जलेबी, पकवान… और पूरा आंगन खुशबू से भर जाता था।
बच्चों के लिए तो ये किसी त्योहार से कम नहीं होता था। स्कूल से छुट्टी मिलती, और पूरा दिन शादी वाले घर में मस्ती करने का मौका। ऐसा लगता था जैसे ये शादी हमारी ही हो।
भट्ठी का संग और गांव की एकता
शादी के दिनों में भट्ठी सबसे अहम जगह होती थी। आस-पास के लोगों को खुद बुलाया जाता—“भाई, आज भट्ठी पर आ जाना।”
फिर क्या था, गांव के बुजुर्ग और नौजवान सब इकठ्ठा हो जाते। चाय-नाश्ता होता, और फिर काम शुरू।
सब दिल से काम करते थे। कोई भेदभाव नहीं, कोई ऊंच-नीच नहीं। काम के साथ-साथ हंसी-मजाक, गप्पें, और पुराने किस्से चलते रहते।
वो माहौल ही कुछ ऐसा होता था कि थकान महसूस ही नहीं होती थी।
ताश, हंसी और रिश्तों की गर्माहट
मुझे आज भी याद है, मेरी अपनी शादी में—एक महीने पहले ही चाचा, ताया, भाई सब इकट्ठा हो गए थे।
चौबारे वाले कमरे में ताश की बाजियां जम जाती थीं।
सुखदेव चाचा, रामजी लाल ताया, गुड्डा चाचा, नछत्तर पाल चाचा, गोरा चाचा, सलिंदर चाचा, गुरमेल चाचा, नरमेल, धर्मबीर चाचा, बड़ा कला—सब मिलकर खेलते थे।
वो सिर्फ ताश का खेल नहीं था, वो रिश्तों की गर्माहट थी, जो हर हंसी के साथ और गहरी होती जाती थी।
और ये सिलसिला शादी के बाद भी 10-15 दिन तक चलता रहता था। जैसे शादी एक दिन की नहीं, बल्कि पूरे गांव का त्योहार हो।
आपसी सहयोग – गांव की असली ताकत
उस समय गांवों में एक अलग ही भाईचारा था।
कोई शादी होती, तो आस-पास के लोग अपने घरों से दूध लेकर खुद ही पहुंच जाते थे। उन्हें पता होता था कि मेहमान आएंगे, जरूरत पड़ेगी।
कोई पूछने की जरूरत नहीं होती थी—लोग खुद कहते, “अगर कुछ भी चाहिए हो, बेहिचक बता देना।”
गांव में हर काम सांझा होता था, हर खुशी सबकी होती थी।
आज की शादियां – दिखावा ज्यादा, अपनापन कम
आज का समय बदल गया है।
हलवाई की जगह रेडीमेड मिठाइयों ने ले ली है। भट्ठी पर काम करने की परंपरा खत्म हो रही है।
अब न कोई बुलाने जाता है, न कोई खुद से आता है।
हालात ये हैं कि कई बार शादी वाले दिन ही पता चलता है कि पड़ोस में कोई फंक्शन है।
आजकल लोग अपने ही परिवार में क्या चल रहा है, ये भी दूसरों से पता चलता है।
वो पुराने समय की शादियां भले ही सादगी भरी थीं, लेकिन उनमें सच्चा अपनापन था, रिश्तों की मिठास थी और दिलों की नजदीकी थी।
आज सब कुछ आधुनिक और आसान हो गया है, लेकिन वो सुकून, वो अपनापन कहीं पीछे छूट गया है।
कभी-कभी दिल चाहता है कि फिर से वो दिन लौट आएं—जब शादी की शुरुआत लड्डू के कड़ाहे से होती थी, और पूरा गांव मिलकर उसे एक त्योहार बना देता था।

No comments:
Post a Comment