आजकल की शादियाँ बड़े-बड़े बैंक्वेट हॉल, होटल और रिसॉर्ट में होती हैं—जहाँ हर चीज़ सेट होती है, हर इंतज़ाम पहले से तय। लेकिन एक समय था, जब गाँवों और छोटे कस्बों की शादियाँ अपनापन, मिल-जुल कर करने की परंपरा और साझेदारी का सबसे खूबसूरत उदाहरण हुआ करती थीं।
और उन शादियों के सबसे कठिन, मज़ेदार और यादगार कामों में से एक था—मेहमानों के लिए आस-पड़ोस से मंजे-बिस्तर जुटाना।
मंजे-बिस्तर जुटाने की परंपरा
जैसे ही शादी की तिथि नज़दीक आती, घर में एक नई हलचल शुरू हो जाती थी—
“फलाँ काका से दो मंजे ले आओ…”
“चौधरियों के यहाँ से चार रजाइयाँ मिल जाएँगी…”
“पांच घर छोड़ कर रहने वाले मास्टरजी के पास अच्छी चद्दरें हैं…”
पूरा मोहल्ला एक परिवार जैसा बन जाता था।
हर कोई अपनी तरफ़ से मदद करने के लिए तैयार—जितना बने उतना दे देता था।
कापी में बनने वाली ‘लिस्ट’
और इसी पूरे सिस्टम में एक छोटी-सी, लेकिन जिम्मेदारी भरी ड्यूटी लगती थी—
कापी में मंजों-बिस्तरों की लिस्ट बनाना।
कौन-से घर से क्या आया?
कितने मंजे?
किसकी रजाई?
किसकी चद्दर?
हर चीज़ लिखनी पड़ती थी, ताकि बाद में किसी को दिक्कत न हो।
शादी के दिनों में वही कापी मेरा सबसे बड़ा हथियार बन जाती थी।
मार्कर से नंबर डालने की मेहनत
जैसे ही मंजे, बिस्तर, रजाइयाँ इकट्ठी हो जातीं, हम उन पर एक मार्कर से नंबर डाल देते—
“ये नंबर 1 चौधरी साहब की रजाई…”
“ये नंबर 3 वाली चद्दर मास्टरजी की…”
“ये वाला मनजा पडोसन चाची का…”
ये नंबर सिस्टम ज़रूरी भी था, वरना वापस लौटाने में बड़ा झमेला हो जाता।
लौटाने की सबसे बड़ी टेंशन
शादी ख़त्म होते ही सबसे मुश्किल काम शुरू होता—
सबका सामान ठीक-ठीक उनके घर पहुँचाना।
और यहीं से शुरू होती असली परेशानी—
✔ किसी का तकिया गायब
“ओ मोरे तकिया तै कहाँ गा!”
लोग सुबह से दोपहर तक तलाशते रहते।
✔ किसी की रजाई नहीं मिल रही
“मेरी लाल फूलों वाली मोटी रजाई थी… कहाँ रख दी?”
✔ किसी की मंजा टूट गई हो
और फिर समझाना पड़ता—
“चाचा, बच्चे कूद रहे थे… मनजा गलती से टूट गया।”
ये सब संभालना इतना आसान नहीं होता था।
कभी-कभी लोग नाराज़ हो जाते,
कभी हँसते-मुस्कुराते हुए समझा देते,
पर ये झंझट हमारी ड्यूटी का हिस्सा था।
फिर भी… वो अपनापन कहीं और नहीं
सब झंझटों के बावजूद, आज सोचता हूँ तो लगता है—
वो समय कितना प्यारा था।
-
न कोई दिखावा
-
न बड़े-बड़े खर्चे
-
न टेंशन कि सबकुछ परफेक्ट हो
-
बस एक माहौल—जहाँ पूरा गाँव मिलकर एक शादी करता था
मंजे-बिस्तर जुटाना, लिस्ट बनाना, सामान लौटाना—
ये सिर्फ काम नहीं थे, रिश्तों को जोड़ने वाले पलों का हिस्सा थे।
आज की शादियाँ और उस समय का फर्क
आज सबकुछ किराए पर मिलता है।
लोग पैसे दे कर हर चीज़ सेट कर लेते हैं।
शायद सुविधाएँ बढ़ गई हैं,
लेकिन वह मिल-जुल कर काम करने की गर्माहट,
वह कपड़े के पीछे लिखा वो छोटा नंबर,
और वह टूटा हुआ मनजा लेकर हँसते हुए घर लौटते चाचा,
अब कभी नहीं दिखते।
कभी-कभी मन करता है—
काश वो पुराने दिन फिर लौट आते…
जहाँ काम ज़्यादा थे, मेहनत ज़्यादा थी, लेकिन दिलों में प्यार भी ज़्यादा था।

No comments:
Post a Comment