आज जब किसी शादी की बात चलती है, तो सबसे पहले दिमाग में वही पुराना बड़ा-सा लड्डुओं का कड़ाहा घूम जाता है। क्योंकि हमारे गाँवों में शादी की असली शुरुआत वहीं से होती थी—हलवाई की भट्ठी से, उसके छौंक से, और पूरे मोहल्ले में फैलने वाली खुशबू से। शादी केवल एक रस्म नहीं थी, बल्कि पूरे गाँव की उत्सव भरी धड़कन थी।
पुरानी शादियों का असली रंग
गाँव में जिस घर के बाहर बड़ा कड़ाहा दिख जाता था, लोग समझ जाते थे कि शादी तय हो गई है। हलवाई 4–5 दिन पहले ही आ जाता था। उसके आते ही पूरे घर में जैसे रौनक उतर आती थी। भट्ठी जलती थी, चाय-नाश्ता बांटा जाता था और आस-पड़ोस के लोग काम में हाथ बंटाने के लिए अपने-आप पहुँच जाते थे।
कोई झगड़ा नहीं, कोई मनमुटाव नहीं—बस गप्पें, हँसी-मज़ाक और साथ बैठकर काम करने का आनंद। मुझे आज भी याद है, मेरी अपनी शादी में पूरे परिवार के लोग एक महीने पहले ही जुट गए थे। चाचा, ताया, भाई—सब चौबारे वाले कमरे में ताश की महफ़िल सजाए बैठे रहते थे। आवाज़ें, ठहाके, और घर की रौनक—सब कुछ जैसे किसी त्योहार से कम नहीं था।
यह कार्यक्रम शादी के बाद भी कई दिनों तक चलता रहता था। सुखदेव चाचा, रामजी लाल ताया, गुड्डा चाचा, नछत्तर पाल, गोरा, सलिंदर, गुरमेल, नरमेल, धर्मबीर—इन सबके ताश खेलने की यादें आज भी दिल को मुस्कुरा देती हैं।
और सिर्फ काम ही नहीं, रिश्तेदारी भी ऐसे ही सजी रहती थी। गाँवों में शादी किसी एक परिवार का काम नहीं होती थी—उसे पूरा गाँव निभाता था। दूध की ज़रूरत हो या सब्ज़ी की, लोग अपने आप पूछने पहुँच जाते थे। कोई यह नहीं कहता था कि “मेरे पास टाइम नहीं है।” सबके पास समय भी होता था, नीयत भी, और अपनापन भी।
आज का बदलता दौर
आज शादी के दिन ही पड़ोसियों को पता लगता है कि किसी के घर समारोह है। न हलवाई की भट्ठी, न वो गहमागहमी, न वो कड़ाहे की महक। मिठाइयाँ रेडीमेड आ जाती हैं, काम भी आउटसोर्स हो जाता है, और भावनाएँ—कहीं खो सी जाती हैं।
आजकल का माहौल अपनी जगह ठीक है, लेकिन उस दौर का वो अपनापन, वो सामूहिकता, वो दिल से की गई मदद… उसकी बराबरी कोई नहीं कर सकता। पहले शादी उसी दिन नहीं होती थी; हमारे लिए शादी की शुरुआत तो हलवाई के आते ही हो जाती थी।
समय बदलता है, और बदलाव ज़रूरी भी है। लेकिन पुरानी खुशबुओं, रिश्तों और यादों का स्थान कोई नहीं ले सकता। आज भी जब किसी शादी का ज़िक्र होता है, मन उसी मिट्टी की खुशबू, उसी कड़ाहे की महक और उसी हँसी-ठहाकों की गूंज में खो जाता है।
अगर आपके पास भी ऐसी पुरानी शादी की यादें हैं, तो उन्हें जरूर साझा कीजिये…
क्योंकि कुछ कहानियाँ बस सुनी नहीं जातीं—जी जाती हैं।

No comments:
Post a Comment