खुशियों भरी ज़िंदगी किसे नहीं चाहिए? हर कोई चाहता है कि उसका जीवन मुस्कान से भरा हो, चारों ओर बस खुशी ही खुशी दिखाई दे। लेकिन क्या वाकई ऐसा मुमकिन है?
हाँ, यह बिल्कुल संभव है — लेकिन इसके लिए हमें अपने नज़रिए को बदलना होगा।
सोचिए, क्या खुशियाँ किसी दुकान से खरीदी जा सकती हैं? क्या कोई किराने की दुकान पर जाकर 10-20 रुपये की खुशियाँ खरीद सकता है?
अगर ऐसा होता, तो अमीर लोग हमेशा खुश रहते और गरीब लोग हमेशा दुखी।
कल्पना कीजिए — किसी की शादी हो रही है, लेकिन दुल्हन उदास है क्योंकि उसकी खरीदी हुई "खुशियाँ" दो दिन पहले ही खत्म हो गईं। अब उसे फिर से बाजार जाकर खुशियाँ खरीदनी होंगी — तब जाकर वो मुस्कुरा पाएगी।
कैसी विचित्र होती ऐसी दुनिया!
असल में, हम सब ज़िंदगी तो जी रहे हैं, पर उसमें खुशियाँ खोजते रहते हैं। हमें लगता है कि खुशियाँ कहीं और हैं, जबकि सच्चाई यह है कि ज़िंदगी खुद ही खुशियों से भरी हुई है — ज़रूरत है तो सिर्फ उन्हें पहचानने और महसूस करने की।
बचपन इस जीवन का सबसे सुंदर चरण होता है — जिसमें खुशियाँ कूट-कूट कर भरी होती हैं। लेकिन अफसोस की बात है कि आजकल का बचपन भी इन खुशियों से वंचित होता जा रहा है। इसके लिए काफी हद तक माता-पिता जिम्मेदार हैं, जो बच्चों के "कल" के लिए उनके "आज" को चिंताओं से भर रहे हैं।
हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा सफल हो, ऊंचाइयों को छुए। लेकिन इसी दौड़ में वे बच्चों से उनका बचपन छीन लेते हैं। स्कूल में अच्छे नंबर लाने का दबाव, प्रतियोगिता की होड़ और अपेक्षाओं का बोझ बच्चों को अंदर ही अंदर तोड़ देता है।
कई बार यह मानसिक दबाव इतना बढ़ जाता है कि बच्चा अपनी काबिलियत के अनुसार भी प्रदर्शन नहीं कर पाता, और परिणामस्वरूप या तो डिप्रेशन का शिकार हो जाता है या... आत्महत्या तक कर लेता है।
हर साल परीक्षाओं के बाद ऐसी खबरें आती हैं — "कम नंबर आने पर छात्रा ने जान दे दी।"
क्या सिर्फ अंक इतने महत्वपूर्ण हैं कि एक जिंदगी की कीमत चुकानी पड़े?
हमें सीखना होगा — खुशियाँ बड़ी नहीं होतीं, वो छोटी-छोटी बातों में होती हैं।
कभी किसी के चेहरे की मुस्कान में, कभी पुरानी यादों में, तो कभी किसी मीठी सी बात में।
मैं एक टीवी शो "ये प्यार नहीं तो क्या है" देख रहा था। उसमें एक पात्र "सिद्धांत" अपनी दोस्त "अनुष्का" को खुश करने की कोशिश करता है। वो सिक्योरिटी गार्ड को पैसे देकर फार्च्यून कुकी बांटने के लिए कहता है — ताकि अनुष्का को अपने बचपन की याद दिलाई जा सके।
जैसे ही अनुष्का फार्च्यून कुकी खोलती है, उसमें एक पर्ची निकलती है — जिसमें वही पंक्ति लिखी होती है, जो उसके बचपन में लिखा करती थी:
“हम ये क्यों सोचते हैं कि जब दुनिया बदलेगी, तब हम खुश होंगे — क्यों न हम ही पहले खुश हो जाएँ, ताकि दुनिया बदलती नज़र आए।”
इस एक पंक्ति में जीवन का सार है। अगर हम मुस्कुराना शुरू कर दें, तो दुनिया भी हँसती हुई लगेगी। पर इसके लिए पहला कदम हमें ही उठाना होगा।
हर बार उदास चेहरे लेकर दुनिया से क्या उम्मीद करना?
कोई और आकर हमें खुश नहीं करेगा। हमें ही यह कोशिश करनी होगी — अपने लिए और इस दुनिया को हसीन बनाने के लिए।
तो आइए, एक छोटी सी शुरुआत करें —
आज से, अभी से, बस जी लें — एक मुस्कुराती हुई ज़िंदगी।

No comments:
Post a Comment