Friday, September 5, 2025

बरसात से मेरी जंग


"ज़िन्दगी के सफ़र में कुछ लम्हे ऐसे होते हैं, जो चाहकर भी भुलाए नहीं जाते। ये लम्हे हमें सिखाते हैं कि मुश्किल वक़्त में हिम्मत और समझदारी ही हमारी असली ताकत होती है। आज मैं आपको अपनी ज़िन्दगी का एक ऐसा ही सच्चा किस्सा सुनाने जा रहा हूँ, जिसने मुझे हमेशा के लिए बदल दिया…

सुबह आँख खुली तो सबसे पहले बारिश ने मेरा स्वागत किया। जैसे कह रही हो—“मैं यहाँ हूँ, तू सो जा आराम से, आज कहीं नहीं जाना।”
मैंने भी उसकी बात मान ली और कम्बल ओढ़कर फिर सो गया।

एक घंटे बाद नींद टूटी तो सोचा अब तो बरसात थम गई होगी। लेकिन नहीं… वो अभी भी पूरे जोश में बरस रही थी। लगा, जैसे आज थकने का नाम ही नहीं ले रही। मैंने फिर कम्बल ओढ़ा और सपनों में लौट गया।

जब तीसरी बार नींद खुली, घड़ी 10 बजा रही थी। मैंने धीरे से कम्बल हटाकर बाहर झाँका—सोचा शायद अब जा चुकी होगी। मगर बारिश आज जैसे अपने घर से छुट्टी लेकर आई थी। शायद अपनी माँ को बोल आई होगी—“आज मैं वापस नहीं आऊँगी।”

दो दिन से लगातार बरसते-बरसते मेरी छत ने भी जवाब देना शुरू कर दिया। लैंटर डली हुई छत थी, लेकिन कब तक इस बेरहम बारिश का सामना करती? पंखे के बॉक्स से भी पानी टपकने लगा। मैंने अपनी चारपाई खिसकाकर सूखी जगह कर ली, लेकिन थोड़ी देर में पानी वहाँ भी आ गया।

छत की बूंदों ने जैसे आपस में मीटिंग कर ली थी—सब एक लाइन में चलतीं और फिर सीधे मेरे गद्दे पर आकर गिरतीं। मैंने चारपाई और पीछे खिसकाई, मगर बूंदों को शायद मेरी लोकेशन अपडेट मिल गई थी। कुछ ही देर में पैरों पर ठंडी-ठंडी बूँदें महसूस हुईं। जगह इतनी कम थी कि अब चारपाई और नहीं सरक सकती थी।

दोपहर के 12 बज गए, और बारिश अब भी टिकटिकी लगाए मुझे देख रही थी। मन ही मन मैंने कहा—“जब ज़रूरत होती है, तब तो आती नहीं, और अब है कि हटने का नाम नहीं ले रही। खेतों में फसल पकने वाली है, किसानों को तंग करने निकली है।”

आख़िर मैंने निश्चय किया कि अब बिस्तर से उठना ही पड़ेगा। नहा-धोकर पुराने कपड़े पहने, हेलमेट लगाया और बाज़ार की तरफ निकल पड़ा। बारिश में भी चाय की दुकान पहुँचा और गरमा-गरम चाय पी। रात से फ़ोन चार्जिंग पर था, पर केबल खराब निकली। सो, एक गारंटी वाली नई केबल खरीदी और कमरे पर लौटा।

दरवाज़ा खोलते ही बारिश की ओर देखा और मुस्कुराकर कहा—“बरसती रह, मैं चाय भी पी आया, केबल भी ले आया, अब तेरे मन में हो तो हट जाना।”
शायद बारिश को मेरी बात बुरी लगी, वो और तेज़ हो गई।

अब 1 बज चुका था। बाहर का काम असंभव था, तो लैपटॉप उठाया और ब्लॉग लिखने बैठ गया। लेकिन लिखूँ क्या? तभी मन ने कहा—“आज जो तेरी बारिश से लड़ाई हुई, वही लिख दे।”
तो लो, यही रहा… मेरी और बरसात की आज की जंग।

"उस दिन की घटना ने मुझे एक बात सिखा दी — चाहे हालात कितने भी बिगड़ जाएं, अगर हम शांत दिमाग़ से और हिम्मत के साथ कदम बढ़ाएं, तो हर मुश्किल आसान हो सकती है। ज़िन्दगी में समस्याएं तो आएंगी, लेकिन उनका सामना करने का तरीका ही हमारी पहचान बनाता है।"

दोस्तों, आपको मेरी ये कहानी कैसी लगी? क्या आपके साथ भी कभी ऐसा कोई वाकया हुआ है, जिसने आपको ज़िन्दगी की कोई बड़ी सीख दी हो? अपने अनुभव ज़रूर साझा करें, ताकि हम सब एक-दूसरे से सीख सकें।"

— हैप्पी बरसात का दिन।

No comments:

Post a Comment

उम्मीद का दीया

  एक घर में पाँच दीये जल रहे थे।  उनकी रोशनी से पूरा घर जगमगा रहा था। हर दीया अपने भीतर एक अलग संदेश और एक अलग भावना लिए हुए था। पहला दीया उ...